दीपावली पर लालापुर पुलिस अलर्ट, अवैध पटाखा भंडारण पर होगी सख्त कार्रवाई - थानाध्यक्ष बृजेश सिंह की चेतावनी

लालापुर,प्रयागराज।।दीपावली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए लालापुर थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने अवैध पटाखा कारोबारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि बिना वैध लाइसेंस के पटाखों की बिक्री, अवैध भंडारण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।थाना प्रभारी ने कहा कि दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री अचानक बढ़ जाती है, जिससे आगजनी, हादसे और जन-सुरक्षा को खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए पुलिस का पूरा जोर इस बात पर है कि पटाखों का भंडारण अग्नि-सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो और बिक्री केवल शासन द्वारा अधिकृत सुरक्षित स्थानों पर ही की जाए। त्योहार की आड़ में नियमों को ताक पर रखकर कारोबार करने वालों को चिन्हित कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।उन्होंने बताया कि त्योहार को देखते हुए पूरे थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। बाजारों में भीड़भाड़, यातायात और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।थाना प्रभारी ने सभी पटाखा कारोबारियों से अपील की है कि वे लाइसेंस, भंडारण और बिक्री संबंधी सभी नियमों का पालन करें। उन्होंने दो टूक कहा कि दीपावली की खुशियों के बीच आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने की छूट किसी को नहीं दी जाएगी। नियम तोड़ने पर नियमानुसार FIR दर्ज कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से भी सुरक्षित त्योहार मनाने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
रिपोर्ट: राहुल द्विवेदी, संवाददाता लालापुर(प्रयागराज)।, बारा/ प्रयागराज
WhatsApp पर शेयर करें



