लाइव अपडेट
ताज़ा
बाराबंकी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 117 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद, मालिकों को लौटाए  •  मैं बिस्तर गर्म नहीं की हूं, इसलिए मुझे जगह नहीं मिली: पूर्व मीडिया प्रभारी बीजेपी  •  कुशीनगर में फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार  •  त्रिपुरा में BSF जवानों पर हमले के मामले में पुलिस की कार्रवाई, 8-9 आरोपी गिरफ्तार  •  गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए भाजपा नेता  • 
पूर्वांचल

कुशीनगर में ट्रेलर-ईको वैन की भीषण टक्कर,छह की मौत,दो घायल

ब्यूरो, कुशीनगर • 02 Nov 2026, 07:53 AM • 4 मिनट में पढ़ें
कुशीनगर में ट्रेलर-ईको वैन की भीषण टक्कर,छह की मौत,दो घायल
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, घायलों के समुचित इलाज के निर्देश

साजिद अंसारी/इंडिपेंडेंट भारत

ब्यूरो,कुशीनगर। जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई,जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हाटा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-28 पर ट्रेलर और मारुति ईको वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार आठ लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर की मदद से वैन को काटकर लोगों को बाहर निकाला। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दोनों बच्चों की गंभीर हालत देखते हुए गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

*तिलक समारोह से लौटते समय हुआ हादसा*

जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी रामबिलास प्रसाद (65) अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ हाटा कोतवाली क्षेत्र के देवराज पिपरा गांव में एक रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह में शामिल होने के बाद सभी लोग सोमवार रात ईको वैन से घर लौट रहे थे।
वैन में कुल आठ लोग सवार थे। वाहन गांव के ही मिथिलेश गुप्ता चला रहे थे। उनके साथ रामबिलास प्रसाद, उनके दोनों बेटे कन्हैया प्रसाद और राममिलन, पड़ोसी मृदुल मिश्रा तथा भतीजे रंजय गुप्ता भी थे। दोनों बच्चों आयुष और आर्यन को भी परिवार के लोग साथ लेकर जा रहे थे।
रात करीब 11:30 बजे हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरूआडीह गांव के पास उनकी वैन सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 46 किलोमीटर दूर हुआ।

*टक्कर से वैन के उड़े परखच्चे*

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद तेज धमाके जैसी आवाज हुई। वैन पूरी तरह पिचक गई और आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर पीछे की सीटों तक जा पहुंचा। ट्रेलर का केबिन भी टूटकर मुड़ गया। वैन के पुर्जे सड़क पर बिखर गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वैन में फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

*मृतकों में पिता और उनके दोनों बेटे शामिल*

हादसे में जान गंवाने वालों में रामबिलास प्रसाद (65), उनके बड़े बेटे कन्हैया प्रसाद (40), छोटे बेटे राममिलन (35), पड़ोसी मृदुल मिश्रा (37), भतीजे रंजय गुप्ता (35) और वैन चालक मिथिलेश गुप्ता (22) शामिल हैं। रामबिलास प्रसाद कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के निवासी थे। उनके बड़े बेटे कन्हैया प्रसाद की पत्नी कमलावती वर्तमान में गांव की प्रधान हैं। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा है।

*छुट्टी पर घर आए थे सीआरपीएफ जवान*

हादसे में जान गंवाने वाले रंजय गुप्ता सीआरपीएफ में जवान थे। उनकी तैनाती छत्तीसगढ़ में थी और वह दशहरे की छुट्टी पर घर आए थे। छुट्टियां समाप्त होने के बाद उन्हें पांच नवंबर को वापस ड्यूटी पर जाना था। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। वहीं, मृदुल मिश्रा (35) किसान थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। वैन चालक मिथिलेश गुप्ता अविवाहित थे और चौराहे पर चाउमीन व बर्गर का ठेला लगाते थे। उनके पास ईको कार भी थी, जिसे वह बुकिंग मिलने पर चलाते थे।

*मुख्यमंत्री ने जताया शोक,घायलों के समुचित इलाज के निर्देश*

हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने और मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

*पुलिस ने शुरू की जांच*

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि सोमवार रात ट्रक और वैन की आमने-सामने टक्कर हुई थी। हादसे में छह लोगों की मौत हुई है, जबकि दो घायल बच्चों को गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: साजिद अंसारी, ब्यूरो, कुशीनगर
विज्ञापनविज्ञापन स्थानयहाँ आपका विज्ञापन लग सकता है • संपर्क करें

और पढ़ें

पूर्वांचल

मैं बिस्तर गर्म नहीं की हूं, इसलिए मुझे जगह नहीं मिली: पूर्व मीडिया प्रभारी बीजेपी

पूर्वांचल

कुशीनगर में फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

पूर्वांचल

गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए भाजपा नेता

विज्ञापनविज्ञापन स्थानयहाँ आपका विज्ञापन लग सकता है • संपर्क करें